सोनम ने साक्षी को हरा कर जीता कुश्ती का नेशनल चैंपियनशिप
चिरौरी न्यूज़
नई दिल्ली: 2016 ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक को 62 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में हरा कर हरियाणा की सोनम मालिक ने स्वर्ण पदक जीत लिया। साक्षी मालिक को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। हालांकि कुश्ती शुरू होने से पहले सभी साक्षी मालिक के जीतने की उम्मीद कर रहे थे लेकिन सोनम ने साक्षी की एक भी दांव चलने नहीं दी और 7-5 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। दो बार की कैडेट विश्व चैंपियन सोनम की साक्षी पर यह लगातार तीसरी जीत है। सोनम ने पिछले साल फरवरी में एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर और पिछले साल जनवरी में एशियाई चैंपियनशिप के लिए ट्रायल में भी साक्षी को हराया था। मध्य प्रदेश की पुष्पा और हरियाणा की मनीषा ने 62 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता।
अन्य दो ओलंपिक भार वर्ग-50 किग्रा और 57 किग्रा के फाइनल का भी रविवार को आयोजन हुआ। हरियाणा की मिनाक्षी ने फाइनल में अपने राज्य की खिलाड़ी हेनी कुमार को हराकर 50 किग्रा का स्वर्ण जीता जबकि महाराष्ट्र की स्वाति शिंदे और दिल्ली की कीर्ति ने कांस्य जीता।
हरियाणा की अंशु ने 57 किग्रा वर्ग में स्वर्ण जीता। फाइनल में अंशु ने रेलवे की ललिता को हराया। अंशु की राज्य की मानसी और मध्य प्रदेश की रमन यादव ने कांस्य जीता। 55 किग्रा में हरियाणा की अंजू ने दिल्ली की बंटी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश की इंदु तोमर और दिल्ली की सुषमा शौकीन ने कांस्य जीता। रेलवे की पिंकी ने हरियाणा की नैना को हराकर 72 किग्रा का स्वर्ण जीता जबकि उत्तर प्रदेश की प्रियंका और रेलवे की कविता ने कांस्य जीता।