बिहार विधान परिषद चुनाव: भाजपा-जदयू गठबंधन के बीच बनी सहमति
चिरौरी न्यूज़
पटना: बिहार विधान परिषद की स्थानीय निकाय से होने वाले 24 सीटों पर सत्ताधारी गठबंधन भारतीय जनता पार्टी और जनता दल (यू) के बीच आज पटना में दोनों दलों के नेताओं के बीच बैठक के बाद सहमति बन गयी है। अब बीजेपी 13 सीटों पर जबकि जदयू 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही लोकजनशक्ति पार्टी को तोड़कर भाजपा के समर्थन में आये पशुपति कुमार पारस को भाजपा कोटे से एक सीट दिया जाएगा।
पटना में भाजपा और जदयू के संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में इसकी घोषणा करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने शनिवार को कहा कि राज्य में राजग की सरकार बहुत अच्छे ढंग से चल रही है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय कोटे की विधान परिषद की 24 सीटों पर होने वाले चुनाव में भाजपा के हिस्से 13 सीटें आई हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से 12 सीटों पर भाजपा चुनाव लड़ेगी, जबकि एक सीट सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी को दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि 11 सीटें जदयू को दी गई हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में जदयू की ओर से उपस्थित बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि इससे मजबूत सामंजस्य हो ही नहीं सकता था।
उन्होंने सीटों की घोषणा करते हुए कहा कि भाजपा रोहतास, औरंगाबाद, सारण, सीवान, दरभंगा, किशनगंज, कटिहार, सहरसा,, गोपालगंज, बेगूसराय, पूर्वी चंपारण और समस्तीपुर सीट पर चुनाव लड़ेगी जबकि वैशाली सीट पर राष्ट्रीय लोजपा चुनाव लड़ेगी।