यूपी में भाजपा की हो रही है वापसी
चिरौरी न्यूज़
नई दिल्ली: विधानसभा चुनाव के श्रुराती रुझानों से पता चलता है कि उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा 259 सीटों पर और अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (सपा) 112 सीटों पर आगे चल रही है। चुनाव आयोग ने गुरुवार को यह जानकारी दी। दोपहर एक बजे तक सभी 403 सीटों पर रुझान सामने आ गए हैं। अपना दल (सोनेलाल) 10 विधानसभा सीटों पर, राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) आठ विधानसभा सीटों पर, कांग्रेस दो सीटों पर, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) तीन सीटों पर आगे चल रही हैं। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल तीन सीटों पर, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक दो सीटों पर, जनता दल (यूनाइटेड) एक सीट पर और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी तीन सीटों पर आगे चल रही है।
शुरूआती रुझानों से पता चला है कि बीजेपी को 42.34 फीसदी, सपा को 31.58 फीसदी, रालोद को 3.51 फीसदी, बसपा को 12.73 फीसदी और कांग्रेस को 2.40 फीसदी वोट मिले हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहरी सीट से आगे चल रहे हैं और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सिराथू से पीछे चल रहे हैं। करहल विधानसभा सीट से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आगे चल रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री श्रीकांत शर्मा मथुरा से आगे चल रहे हैं। चुनाव से पहले सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिलनगर से पीछे चल रहे हैं। जहूराबाद सीट से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर आगे चल रहे हैं।