हॉकी इंडिया ने विश्व कप से पहले ट्रॉफी टूर की घोषणा की

चिरौरी न्यूज़

भुवनेश्वर: बहुप्रतीक्षित एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला की शुरुआत में अब 50 दिनों से भी कम समय बचा है। ऐसे में भारत में हॉकी की सर्वोच्च संस्था- हॉकी इंडिया ने एक ट्रॉफी टूर की घोषणा की है, जिसके दौरान प्रतिष्ठित विश्व कप ट्रॉफी को देश के अलग-अलग हिस्सों में ले जाया जाएगा। भुवनेश्वर में ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री नवीन पटनायक द्वारा हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की को ट्रॉफी सौंपे जाने के साथ 5 दिसंबर से टूर की आधिकारिक शुरुआत होगी।

भुवनेश्वर लौटने से पहले यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की यात्रा करेगी। 25 दिसंबर को ओडिशा लौटने से पहले अपने 21 दिवसीय टूर में ट्रॉफी पश्चिम बंगाल, मणिपुर, असम, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा नई दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में घूमेगी और फिर 25 दिसंबर को ओडिशा पहुंचेगी। और फिर यह चमचमाती ट्रॉफी ओडिशा राज्य के दौरे पर जाएगी।

ट्रॉफी टूर को संबोधित करते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष- डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, “इस पहल के पीछे का विचार देश भर के हॉकी प्रशंसकों को इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी की झलक देखने का अवसर देना है, जिसके लिए सभी टीमें प्रतिस्पर्धा करेंगी। भारतीय प्रशंसक हमेशा से हॉकी के प्रति दीवाने रहे हैं और आगामी टूर्नामेंट में अपनी घरेलू टीम का हौसला बढ़ाने के लिए उत्सुक होंगे। हमारा मानना है कि यह टूर फैंस को खेल से जुड़े रहने और भारतीय टीम को अपनी अपने अभियान की शुरुआत से पहले शुभकामनाएं भेजने का मौका देगा।”

एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला 13 जनवरी 2022 से शुरू होगा। मेजबान भारत, जिसे स्पेन, इंग्लैंड और वेल्स के साथ पूल-डी में रखा गया है, 13 जनवरी को ही स्पेन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।

ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, नीदरलैंड्स, भारत, अर्जेंटीना, जर्मनी, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, फ्रांस, कोरिया, मलेशिया, स्पेन, दक्षिण अफ्रीका, जापान, चिली और वेल्स वे 16 टीमें हैं, जो टूर्नामेंट के मौजूदा संस्करण में भाग लेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *