महिला हॉकी क्वालीफायर में जापान से कड़ी हार के बाद भारत का ओलंपिक ड्रीम खत्म
चिरौरी न्यूज
रांची: भारतीय महिला हॉकी टीम की पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की आखिरी उम्मीद रांची में तीसरे-चौथे स्थान के मैच में जापान से 0-1 की हार के बाद टूट गई। इस जीत ने क्वालीफायर में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम के रूप में जापान की ओलंपिक बर्थ को सील कर दिया। दूसरी ओर, भारत एफआईएच क्वालीफायर में चौथे स्थान पर रहने के बाद एक सुनहरा मौका चूक गया।
पेनल्टी कॉर्नर से काना उराटा का छठे मिनट में किया गया गोल एक कठिन मुकाबले में जीत के लिए काफी साबित हुआ। भारत ने कई मौकों पर जापान के पेनल्टी बॉक्स को सफलतापूर्वक भेदा लेकिन जापानी गोलकीपर अकीओ तनाका से पार पाने में असफल रहा।
गुरुवार को जर्मनी से शूटआउट में 3-4 से हार के बाद भारत करो या मरो के मुकाबले में जापान का सामना कर रहा था। लेकिन विमेन इन ब्लू इतने दिनों में अपनी दूसरी हार के बाद पेरिस के लिए टिकट बुक करने में विफल रही। भारत का 2021 में टोक्यो खेलों में अपने ऐतिहासिक चौथे स्थान को बेहतर करने का सपना भी हार के साथ समाप्त हो गया।