श्रीनगर में शून्य से -8.8 डिग्री नीचे गिरा पारा, सर्दी ने तोड़ा 30 सालों का रिकॉर्ड

चिरौरी न्यूज़

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में इस बार सर्दी ने पिछले 30 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आज सुबह श्रीनगर में न्यूनतम तापमान पिछले 30 साल में सबसे कम दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। ये 1991 के बाद से अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान है।

1991 में तापमान 11.8 डिग्री नीचे तक लुढ़क गया था। पिछले 38 साल में 17 बार श्रीनगर का तापमान माइनस 8.8 या उससे कम रिकॉर्ड किया गया है। 1991 सबसे ठंडा और कठोर सर्दी वाला साल रहा, जिसमें 9 दिन तक तापमान -8 या उससे कम रहा। कश्मीर में इस बार दिसंबर और जनवरी महीने में कई बार बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक 31 जनवरी और 1 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना के साथ 1-4 फरवरी के बीच बादल छाए रहेंगे।

श्रीनगर में 13 जनवरी को तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि काजीगुंड में तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

घाटी में तेज ठंड की वजह से जलस्रोत जम गए हैं और पाइपलाइनों में भी पानी जम गया है। ‘चिल्लई-कलां’ रविवार को खत्म हो गया, लेकिन कश्मीर के लोगों को अभी ठंड से राहत नहीं मिली है। अगले कुछ दिनों तक तापमान शून्य से नीचे ही रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *