क्रिकेटर पृथ्वी शॉ की कार पर हमला करने के आरोप में महिला गिरफ्तार
चिरौरी न्यूज
मुंबई: पृथ्वी शॉ की कार पर हमला करने की आरोपी महिला सपना गिल को गुरुवार, 16 फरवरी को ओशिवाड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पृथ्वी शॉ ने कुछ लोगों को सेल्फी लेने से मना कर दिया था जिसके बाद गुस्सा होकर उनके दोस्त की कार मे तोड़फोड़ की गई थी।
मुंबई में होटल के बाहर क्रिकेटर शॉ के दोस्त की कार पर हमला करने के आरोप में ओशिवारा पुलिस ने बुधवार, 15 फरवरी को आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शॉ के दोस्त आशीष सुरेंद्र यादव द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, पहले शॉ को ले जा रही कार पर बेसबॉल के बल्ले से हमला किया गया, फिर आरोपी ने कार का पीछा किया और पैसे नहीं देने पर झूठे मुकदमे की धमकी दी।
विशेष रूप से, महिला ने पृथ्वी शॉ और उसके दोस्तों पर मुंबई के 5-सितारा होटल के बाहर उसका शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया था। गिल ने आरोप लगाया कि जब पृथ्वी शॉ और उसके दोस्तों ने महिला के साथ मारपीट की तो पृथ्वी शॉ हाथ में डंडा लिए हुए था।
सपना गिल के वकील, अली काशिफ खान ने कहा कि पुलिस उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जाने की अनुमति नहीं दे रही थी और वह मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में थी।
अली काशिफ ने कहा, “सपना पर पृथ्वी द्वारा हमला किया गया था। पृथ्वी के हाथ में एक छड़ी देखी गई थी। पृथ्वी के दोस्तों ने पहले समूह पर हमला किया। सपना फिलहाल ओशिवारा पुलिस स्टेशन में है। पुलिस उसे मेडिकल के लिए जाने की अनुमति नहीं दे रही है।”
शुक्रवार को सपना गिल को कोर्ट में पेश किया जाएगा जबकि मामले में और गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है. हालांकि आरोपी पक्ष की ओर से कोई क्रास एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है।